
ग्रेटर नोएडा के बिल्टअप हाउसिंग स्कीम के लामबंद खरीदारों ने नवरात्र के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को घेरने जा रहा है। बीएचएस 09 नामक इस स्कीम के खरीदार यह मानते हैं कि अथॉरिटी उनसे गलत कंस्ट्रक्शन कॉस्ट चार्ज कर रही है जिसे उसे कम करना चाहिए।
बीएचएस 09 स्कीम के तहत 3000 मकानों का अलॉटमेंट हुआ था। इस पर प्राधिकरण तकरीबन 13.75 लाख का कंस्ट्रक्शन कॉस्ट बता रही है। ग्राहकों की आपत्ति कंस्ट्रक्शन कॉस्ट के अलावा इस पर चार्ज किए जा रहे 11 फीसदी ब्याज दर से भी है। अब ग्राहकों ने अथॉरिटी से मोलभाव करने के लिए बीएचएस09 वेलफेयर एसोसिएशन ग्रेटर नोएडा के बैनर तले लामबंद हुए हैं। इस संबंध में दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर धरना देने आए एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र पालिवाल ने बताया कि हमने इस समस्या को प्राधिकरण के समक्ष उठाया है।
संतुष्टि न मिलने पर इसकी विस्तृत जानकारी एक ज्ञापन के जरिए मुख्यमंत्री को दी जा रही है। हमने ज्ञापन को दिल्ली स्थित बहुजन समाजवादी पार्टी में जमा कराया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री मायावती के नाम एक ज्ञापन लखनऊ भी डाक के मार्फत भेजा गया है। पालिवाल के अनुसार आगामी छह अप्रेल को सभी खरीदार एक बार फिर मिलकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव करेंगे और वहां के सभी अधिकारियों को फूल भेंट कर अपनी मांग रखेंगे।