|
||||||||||
ऑटोमोबाइल सीटिंग सिस्टम बनाने वाली कंपनी टाटा कंट्रोल्स ऑटोमोटिव ने उम्मीद जताई है कि चालू वित्त वर्ष में उसका राजस्व 500 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। टाटा ग्रुप और अमेरिका स्थित जॉनसन कंट्रोल्स के बीच 50:50 ज्वाइंट वेंचर वाली कंपनी ने अपनी मौजूदा मैन्यूफैक्चरिंग फैसिलिटीज को बेहतर बनाने और नए उत्पाद पेश करने के लिए 20 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बनाई है।
टाटा जॉनसन कंट्रोल्स ऑटोमोटिव सीईओ एके बेलानी ने बताया कि पिछले साल हमने कई नए वाहन लांच किए थे जिससे हमारा कारोबारी प्रदर्शन बेहतर हुआ था। चालू वित्त वर्ष में हमें उम्मीद है कि राजस्व पिछले साल के 400 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़ कर 500 करोड़ रुपये हो जाएगा। भारत में कंपनी की आठ मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट हैं जो कि सालाना आठ लाख वाहनों से अधिक के लिए सीटिंग सिस्टम का उत्पादन कर रहीं हैं। बेलानी ने कहा कि हम नैनो के लिए गुजरात के साणंद और टोयोटा की जल्द ही लांच होने वाली कार एटियोस के लिए बंगलुरू में एक-एक नई यूनिट स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने इस बारे में और ब्यौरा देते हुए कहा कि हम इन दोनों संयंत्रों के लिए पहले ही निवेश कर चुके हैं। साणंद संयंत्र में उत्पादन इस साल मई से जबकि बंगलुरू यूनिट में उत्पादन दिसंबर से शुरू होगा। कंपनी टाटा मोटर्स, फिएट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्कोडा, होंडा और फोर्ड सहित प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों को उत्पादों की आपूर्ति करती है।