|
||||||||||
Arth Jagat Arth Jagat वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने कहा है कि तेजी से बढ़ोतरी दर्ज कर रहे कुछ निर्यात क्षेत्रों की रियायतें (प्रोत्साहन पैकेज) वापस लेने पर वित्त मंत्रालय विचार कर सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सभी निर्यात क्षेत्रों से अचानक प्रोत्साहन पैकेज वापस लेने की जरूरत अभी नहीं है। आगामी बजट में प्रोत्साहन पैकेज वापस लेने संबंधी सवाल पर शर्मा ने कहा कि ऐसे निर्यात सेक्टर जो काफी तेजी से वृद्धि दर्ज कर रहे हैं उनसे प्रोत्साहन पैकेज वापस लेने पर विचार किया जा सकता है। फिक्की की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में सोमवार को शर्मा ने कहा कि उन्होंने वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के साथ इस बारे में चर्चा की है और इस सिलसिले में उचित कदम ही उठाया जाएगा।
उधर, योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह आहलुवालिया ने भी प्रोत्साहन पैकेज हटाने की मांग की है। मोंटेक ने कहा कि प्रोत्साहन पैकेज ने अपना काम सफलतापूर्वक किया और अब सुधार होने के कारण इसे चरणबद्ध तरीके से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा चालू साल के मुकाबले कम रहेगा।