|
||||||||||
मर्सिडीज
बेंज ने जनवरी के दौरान बिक्री में बीएमडब्ल्यू को पिछाड़ दिया। बावजूद इसके बीएमडब्ल्यू को इस साल लग्जरी सेगमेंट में नंबर वन बने रहने पर पूरा भरोसा है। कंपनी अपनी स्थिति कायम रखने के लिए इस साल दो नई सिरीज भारत में लांच करने की योजना बना रही है।
बीएमडब्ल्यू इंडिया के प्रेसीडेंट पीटर क्रोंस्कनेबल ने कहा, त्नहमें पूरा भरोसा है कि हम पहले पायदान पर कायम रहेंगे। इस साल हमारी विकास दर दो अंकों में रहेगी।त्न पीटर के मुताबिक मर्सिडीज द्वारा जनवरी में ज्यादा कार बेचना उनके लिए कोई ताज्जुब की बात नहीं। ऐसा हो सकता है कि एक-दो महीनों में मर्सिडीज बीएमडब्ल्यू से ज्यादा कारें बेचे। अभी भी हमारे पास 11 महीने हैं। साल के अंत में हम नंबर वन की पोजीशन में ही होंगे। इसके लिए कंपनी ने दो नई सिरीज उतारने की तैयारी की है। लेकिन पीटर ने इनका खुलासा करने से इनकार किया।
पिछले साल बिक्री मामले में बीएमडब्ल्यू इंडिया ने मर्सिडीज-बेंज को पिछाड़ दिया। इस दौरान बीएमडब्ल्यू ने जहां 3,619 कारों की बिक्री की वहीं, मर्सिडीज ने 3,247 कारों को बेचा। मगर नए साल के पहले महीने में मर्सिडीज ने 403 कारों को बेचकर बाजी मार ली। इस दौरान बीएमडब्ल्यू इंडिया की बिक्री 341 यूनिट दर्ज की गई।
इसी बीच मर्सिडीज ने अपने डीलरशिप नेटवर्क को अपग्रेड करने पर 200 करोड़ रुपये निवेश की योजना बनाई है। मर्सिडीज की इस योजना पर पीटर ने कहा कि साल 2009 में मर्सिडीज नंबर वन के पायदान से नीचे उतर गई, इसलिए अब उन्हें मेहनत करने की जरूरत है। हालांकि पिछले महीने मर्सिडीज-बेंज इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ विलफ्राइड अल्बर ने कहा था कि कंपनी बिक्री से ज्यादा मुनाफे पर फोकस करेगी।