|
||||||||||
Commodity Kaarobar Commodity Kaarobar ड्राईफ्रूट की मांग इन दिनों कम निकल रही है। इस वजह से इसके दाम आठ फीसदी तक घट चुके है। कारोबारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में भी इसके मूल्यों में और गिरावट के आसार हैं। ड्राईफ्रूट बाजार में बादाम गिरीदाम 440 रुपये से घटकर 390 रुपये प्रति किलो, काजू के दाम के 430 रुपये से घटकर 395 रुपये रह गए हैं। बाजार में पिस्ता के मूल्यों में जरूर तेजी आई है।
खारी बावली सर्व व्यापार महासंघ के सचिव ऋषि मंगला ने बिजनेस भास्कर को बताया कि मांग कमजोर पड़ने से पिछले दो सप्ताह के दौरान काजू, बादाम की कीमतों में गिरावट आई है। उनके मुताबिक पिस्ता उत्पाद देशों में इसका उत्पादन कम रहने के कारण इसकी कीमतों में इजाफा हुआ है। पिस्ता पिछोड़ी के दाम दो माह में 800 रुपये बढ़कर 1900 रुपये और पिस्ता ईरानी के दाम 150 रुपये बढ़कर 850 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। ड्राई फ्रूट कारोबारी राजेश कुमार का कहना है कि आने वाले दिनों भी मांग कमजोर रहने की वजह से ड्राई फ्रूट के मूल्यों में और गिरावट के आसार है।
काजू के दाम घटने की प्रमुख वजह अगले माह इसकी नई फसल आने को माना जा रहा है। मालूम हो कि पिछले माह नए साल और मकर संक्रांति के त्योहार पर मांग बढ़ने की वजह से ड्राईफ्रूट मूल्यों में बढ़ोतरी हुई थी। मांग के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में बादाम के महंगा होने और घरेलू बाजार में काजू की सप्लाई कम होने से भी इसके मूल्यों में तेजी को बल मिला था। इस साल दिवाली पर ड्राई फ्रूट की मांग पिछले साल के मुकाबले ज्यादा रही। इस बार आर्थिक हालात सुधरने के कारण दिवाली पर ड्राई फ्रूट की मांग पिछली दिवाली के मुकाबले करीब 15 फीसदी अधिक रही। इस बार ड्राई फ्रूट सस्ते होने के कारण भी इसकी मांग में वृद्धि को बल मिला था।
खारी बावली मंडी ड्राई फ्रूट का देश में सबसे बडा बाजार है। इस बाजार में ड्राई फ्रूट का करीब 1000 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार किया जाता है। देश में बादाम और पिस्ता अमेरिका, ईरान और अफगानिस्तान से आयात किया जाता है जबकि देश में केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र उड़ीसा और गोवा में काजू का उत्पादन किया जाता है। देश में किशमिश का उत्पादन नासिक में होता है।