Google
HomeRajkaj Rajkaj

राज्यपाल की कतार में पाटिल व किदवई

पंजाब, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में नए राज्यपालों के नाम पर शीघ्र मुहर लग सकती है। उच्चस्थ सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस कोर ग्रुप की बैठक में शुक्रवार को कई राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और कुछेक सूबों में राज्यपालों के स्थानांतरण पर विचार विमर्श हुआ। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम के नारायणन अगर बंगाल या किसी अन्य सूबे के राज्यपाल बनाए जाते हैं तो उनके उत्तराधिकारी का भी चयन करना होगा। इस सिलसिले में देश के दो पूर्व विदेश सचिवों-शिव शंकर मेनन और श्याम शरण का नाम लिया जा रहा है।



नए राज्यपाल के रूप में पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल के अलावा निर्मला पटेल, मोहसिना किदवई, संतोष मोहन देव सहित कुछ अन्य नेताओं के नामों की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल प्रभा राव को राजस्थान का राज्यपाल बनाया जा सकता है जबकि उनकी जगह हिमाचल प्रदेश में निर्मला पटेल को राज्यपाल की जिम्मेवारी दी जा सकती है। इसके अलावा पंजाब के राज्यपाल के तौर पर शिवराज पाटिल का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है।



सूत्रों का कहना है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष मोहन देव को मध्य प्रदेश या तमिलनाडु का राज्यपाल बनाया जा सकता है जबकि हरियाणा के राज्यपाल के तौर पर मोहसिना किदवई का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल बनाया जा सकता है। सेक्स-स्कैंडल में नाम आने के बाद एनडी तिवारी को हैदराबाद राजभवन छोड़ना पड़ा था। तबसे छत्तीसगढ़ के राज्यपाल नरसिम्हन ही वहां का कार्यभार संभाल रहे हैं। समझा जाता है कि उन्हें वहीं स्थानांतरित किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में छत्तीसगढ़ में किसी अन्य पूर्व सुरक्षा-विशेषज्ञ या अवकाशप्राप्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को रायपुर में राज्यपाल के तौर पर पदस्थापित किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि सरकार पश्चिम बंगाल में राज्यपाल के नाम को लेकर बेहद सतर्कता बरत रही है।



राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन को वहां तभी भेजा जा सकेगा, जब वाम मोर्चे को उनके नाम पर ज्यादा आपत्ति न हो। बंगाल में न भेजे जाने की स्थिति में नारायणन को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि गणतंत्र दिवस से पूर्व पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और पंजाब में नए राज्यपालों की नियुक्ति कर दी जाएगी। बिहार के राज्यपाल देवानंद कुंवर, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल प्रभा राव के पास पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और राजस्थान का अतिरिक्त प्रभार है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

Advt