Google
HomeNews News

एनबीएफसी ने बढ़त के साथ वर्ष को किया विदा

वर्ष 2009 की समाप्ति गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के कारोबार के लिहाज से बेहतर रही है। दिसंबर के दौरान इन कंपनियों के कारोबार में 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कारोबार में यह बढ़ोतरी नवंबर महीने की तुलना में आई है। इस दौरान वाणिज्यिक वाहनों और पैसेंजर कारों की मांग के साथ-साथ तिपहिया वाहनों की मांग में भी तेजी बनी रही। इसके बूते ही छोटी कंपनियों के कारोबार में भी तेजी आई है।

श्रीराम ट्रांसपोर्ट फाइनेंस कंपनी लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक उमेश रेवांकर ने बताया कि दिसंबर के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार कंपनी ने इस दौरान 1100-1200 करोड़ रुपये के बीच कर्ज दिए हैं। यह नवंबर के मुकाबले 10-12 फीसदी तक ज्यादा है। इस दौरान वाणिज्यिक वाहनों की मांग भी बढ़ी है। रेवांकर के अनुसार वर्ष 2009 के कारोबार से साफ है कि अब आर्थिक संकट की मार खत्म हो चुकी है। फाइनेंस इंडस्ट्री डेवलपमेंट काउंसिल के को-चेयरमैन और बंसल क्रेडिट लिमिटेड के निदेशक रमन अग्रवाल ने बताया कि दिसंबर के दौरान नए वाणिज्यिक वाहनों और कारों की मांग में थोड़ी कमी आई।

उसकी वजह ग्राहकों का नए साल में खरीददारी करने का फैसला है। हालांकि, इसके बावजूद दिसंबर के महीने में कारोबार अच्छा रहा है। इस दौरान तिपहिया वाहनों की मांग में अच्छी तेजी रही। बंसल क्रेडिट ने दिसंबर महीने में 2.61 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जबकि नवंबर में 2.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। मैग्मा फिनकॉर्प के नेशनल बिजनेस हेड वी.लक्ष्मी नरसिम्हन ने बताया कि कंपनी का कारोबार दिसंबर महीने में करीब 10 फीसदी तक बढ़ा है। इस महीने कंपनी ने करीब 370 करोड़ रुपये का कारोबार किया है जो नवंबर में 340 करोड़ रुपये के आसपास था ।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

Advt