कंज्यूमर ड्यूरेबल उत्पादों की बिक्री में तेजी का अनुकूल असर इन उत्पादों को बेचने वाली रिटेल कंपनियों पर भी दिख रहा है। इन कंपनियों के कारोबार में चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीने में 38 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान उत्पादों की बिक्री में सबसे ज्यादा इजाफा सितंबर-नवंबर अवधि में हुआ है। कारोबार में अच्छी बढ़त को देखते हुए कंपनियां वर्ष 2010 में अपना नेटवर्क बढ़ाने की भी तैयारी कर रही हैं।नेक्स्ट रिटेल इंडिया लिमिटेड के सीईओ सुनील गुप्ता ने त्नबिजनेस भास्करत्न को बताया कि चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान कंपनी के कारोबार में 38 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए कंपनी को उम्मीद है कि वह वित्त वर्ष 2009-10 में 1500 करोड़ रुपये का कारोबार कर लेगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2008-09 में 981 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
वित्त वर्ष 2009-10 में सबसे ज्यादा मांग टेलीविजन, एलसीडी, रेफ्रीजरेटर, वाशिंग मशीन, डीटीएच और लैपटॉप की रही है। कारोबार में तेजी को देखते हुए कंपनी की वर्ष 2010 में देश भर में 1000 से ज्यादा स्टोर खोलने की योजना है। इसके अलावा कंपनी की प्राइवेट लेवल सेगमेंट में एयरकंडीशनिंग, वाशिंग मशीन, एयर कूलर और होम थिएटर उत्पादों को भी शामिल करने की योजना है। रिलायंस डिजिटल के प्रेसीडेंट और सीईओ अजय बैजल के अनुसार वर्ष 2009 कंपनी के लिए काफी अच्छा रहा है। खासकर त्योहारों के सीजन में कारोबार काफी अच्छा हुआ है। बढ़ते कारोबार के बूते रिलायंस डिजिटल स्टोर की संख्या बढ़कर 14 तक पहुंच गई है। इसी तरह एप्पल स्टोर की भी संख्या 14 पर पहुंच गई है। कंपनी की 150 स्टोर खोलने की योजना है। इसके तहत कंपनी देश के बड़े शहरों के अलावा छोटे शहरों में भी अपने स्टोर खोलेगी। जहां तक कारोबार का सवाल है, वर्ष 2008 की तुलना में वर्ष 2009 इस इंडस्ट्री के लिए काफी अच्छा रहा है।