मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान को ब्रांड एम्बेस्डर बनाकर भारत में शुरू की गई डिजिटल रेडियो सेवा वल्र्डस्पेस सैटेलाइट रेडियो 31 दिसंबर से बंद होने जा रही है। अब इस डिजिटल रेडियो सेवा के पांच लाख ग्राहक इसकी धुनों से महरूम हो जाएंगे। अमेरिकी कंपनी वल्र्डस्पेस इंक. ने अपनी भारतीय इकाई वल्र्डस्पेस इंडिया की सभी सेवाएं 31 दिसंबर 2009 से बंद करने का ऐलान किया है। कंपनी ने कहा है कि वित्तीय दिक्कतों के चलते वल्र्डस्पेस इंडिया की मूल कंपनी वल्र्डस्पेस इंक. अक्टूबर 2009 से ही बैंकरप्सी प्रोटेक्शन यानी दिवालिया कानून के संरक्षण में है। कंपनी के संभावित खरीदार ने इसकी भारतीय इकाई को खरीदने से इनकार कर दिया है। इस वजह से वल्र्डस्पेस अपने सभी उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाएं बंद कर देगी।
वहीं, कंपनी ने ग्राहकों के सब्सक्रिप्शन के रिफंड के बारे में कहा है कि कंपनी ग्राहकों का सब्सक्रिप्शन लौटाने की स्थिति में नहीं है। वल्र्डस्पेस इंडिया के रीजनल मैनेजर योगेश शर्मा ने बिजनेस भास्कर को बताया कि कंपनी ने अपने कर्मचारियों को मौखिक तौर पर कह दिया है कि कंपनी 31 दिसंबर से अपनी सेवाएं बंद कर रही है। शर्मा ने बताया कि कंपनी के देश भर में फिलहाल 400 कर्मचारी हैं जिनमें से 100 कर्मचारी पे रोल पर हैं और 300 टेक्नीशियन, बैकहैंड सपोर्ट आदि से जुड़े लोग हैं। इसके अलावा, कंपनी के देश भर में लगभग 100 बिजनेस एसोसिएट हैं। दिल्ली में कंपनी के बिजनेस एसोसिएट शंभू श्री प्राइवेट लिमिटेड के आलोक खंडेलवाल ने बिजनेस भास्कर को बताया कि कंपनी ने उनसे 3,00,000 रुपये की बैंक गारंटी ली हुई है। वल्र्डस्पेस इंडिया ने उन्हें शुक्रवार (25 दिसंबर) को एसएमएस के जरिए बताया कि कंपनी अपनी सेवाएं 31 दिसंबर से बंद करने जा रही है।
वल्र्डस्पेस इंडिया ने कहा कि स्टॉक और उनकी सिक्योरिटी राशि के बारे में कंपनी को ख्याल है। श्री कृष्णा कॉरपोरेशन के विधु मारवा ने बिजनेस भास्कर को बताया कि कंपनी ने उन्हें बिजनेस एसोसिएट बनाने के बदले 1,00,000 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट लिया था। कंपनी ने उन्हें भी बंद होने के बारे में जानकारी दे दी है लेकिन 1,00,000 रुपये के बारे में कोई जिक्र नहीं किया है। इसके अलावा न ही बचे हुए स्टॉक के बारे में कोई जानकारी दी गई है। अगर बात कंपनी के कर्मचारियों की करें तो 300 कर्मचारियों को आदेश दिया जा चुका है कि अब उन्हें दफ्तर आने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा कंपनी ने दिसंबर महीने की तनख्वाह के बारे में भी कोई जिक्र नहीं किया है। कंपनी भारत में लगभग 40 चैनल मुहैया कराती है। कंपनी के रेडियो सेट की कीमत 2,599-7,500 रुपये के बीच है। ग्राहकों ने जो रेडियो सेट ले रखे हैं वह 31 दिसंबर के बाद बेकार हो जाएंगे। इसके अलावा कंपनी के ग्राहकों ने जो सब्सक्रिप्शन लिया हुआ है वह भी काम नहीं करेगा। कंपनी छह माह के सब्सक्रिप्शन के बदले ग्राहकों से 1,100 रुपये लेती है। कंपनी के देश भर में लगभग पांच लाख ग्राहक हैं। rakshit.s@businessbhaskar.net