|
||||||||||
मुंबई /नई दिल्ली/पुणो। डेविड हेडली मामले में भारतीय और अमेरिकी जांचकर्ताओं की जांच प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। समझा जाता है कि अमेरिकी संदिग्ध आतंकी हेडली ने वर्ष 2007-09 के दौरान मुंबई में रहते हुए जिन फिल्मी सितारों से मुलाकात की थी, उनसे पूछताछ की जा सकती है। उधर, संदिग्ध आतंकियों तहव्वुर राणा और उसकी कथित पत्नी को गलत तरीके से वीजा देने के कारण आलोचना झेल रहे शिकागो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बुधवार को कहा कि उन्हें उपलब्ध दस्तावेज की उचित पड़ताल के बाद ही वीजा दिए गए थे।
सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम फिल्मी सितारों इमरान हाशमी और आरती छाबरिया के बयान दर्ज कर सकती है। बताया जाता है कि ये लोग हेडली के संपर्क में थे। एनआईए ने यह कदम मुंबई के जिम इंस्ट्रक्टर विलास वरक से पूछताछ के बाद उठाने का मन बनाया है। विलास ने बताया है कि वह फिल्म निर्माता महेश भट्ट के बेटे राहुल को हेडली से मिलाने में महज संपर्क सूत्र था और उसने लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी हेडली के बारे में पुलिस को जानकारी दी है।
हेडली के साथ अपने संपर्क के बारे में विलास ने बताया, मैं कभी हेडली से मिलने नहीं गया बल्कि वह मुझसे मिलने आता था। पुणो पुलिस ने बताया कि पिछले साल शहर आने पर हेडली 16 मार्च को ओशो आश्रम के पास सूर्या विला होटल में ठहरा था। इस होटल के मैनेजर से भी पूछताछ की गई है। सूत्रों ने बताया कि राहुल के जरिये ही हेडली ने बॉलीवुड की कुछ हस्तियों से मेलजोल बढ़ाया था। एनआईए उन लोगों के बयान दर्ज कर रही है जिनके संपर्क में हेडली मुंबई प्रवास के दौरान आया था। (प्रेट्र)
राणा पर 58 दिन में दायर करने होंगे आरोप
वाशिंगटन। शिकागो की एक अदालत ने तहव्वुर हुसैन राणा के खिलाफ आरोप पत्र दायर करने के लिए संघीय अभियोजकों को 58 दिन का और समय दिया है। उसे एफबीआई ने पिछले महीने भारत और डेनमार्क में बड़ा आतंकी हमला करने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही एफबीआई को राणा के खिलाफ आरोप दाखिल करने के लिए 14 जनवरी तक का वक्त मिल गया है। कनाडाई नागरिक राणा ने पिछले कुछ साल में अपने स्कूली साथी डेविड कोलमैन हेडली के साथ कई बार भारत का दौरा किया।