Google
HomeRajkaj Rajkaj

हेडली-राणा के खिलाफ जांच में चार-छह हफ्ते लगेंगे : केंद्र

हेडली -राणा मामले में अभी तक किसी को क्लीन चिट नहीं दिए जाने की बात स्पष्ट करते हुए सरकार ने रविवार को कहा कि दोनों के खिलाफ भारत में मुकदमा चलाने के लिए जांच में चार से छह हफ्ते लगेंगे। केंद्रीय गृह सचिव जीके पिल्लई ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, जांच शुरू कर दी गई है। मैं समझता हूं कि इसे पूरा होने में चार से छह हफ्ते लग जाएंगे।



पिछले महीने एफबीआई द्वारा गिरफ्तार पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राणा और अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली ने क्या जम्मू कश्मीर का दौरा भी किया था और मुंबई हमले में भी क्या उनकी भूमिका के बारे में कोई ताजा जानकारी मिली है? इसके जवाब में पिल्लई ने कहा कि जांच पूरी होते ही हम संपर्क सूत्र का पता लगा लेंगे। राणा के भारत दौरे के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह केरल के कोच्चि में गया था और हम उस दौरान उसकी गतिविधि का पता लगा रहे हैं। केरल के पुलिस महानिदेशक जैकब पुन्नूस ने कहा था कि तहव्वुर हुसैन राणा 16 नवंबर को कोच्चि के एक होटल में ठहरा था।



उन्होंने यह भी कहा कि राज्य पुलिस को इस बारे में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। पिल्लई ने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम हेडली और राणा पर इस देश में मुकदमा चलाने की जांच कर रही है, यदि दोनों की मुंबई हमले या 2006 से 2008 के बीच सिलसिलेवार बम धमाकों में कोई भूमिका है। जांच एजेंसी जल्द ही केरल भी जाएगी।



एफबीआई ने दिए राणा के खिलाफ ताजा सबूत
वाशिंगटन। अमेरिकी अभियोजकों ने भारत में आतंकी हमलों की योजना बनाने के आरोप में गिरफ्तार तहव्वुर हुसैन राणा के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करने के लिए 60 दिन का और समय मांगा है। अभियोजकों ने कहा है कि उसे राणा के खिलाफ हाल के छापों में मिले ताजा सबूतों के परीक्षण के लिए और समय की जरूरत है। दूसरी ओर एफबीआई ने राणा के खिलाफ एक सीलबंद लिफाफे में ताजा सबूत पेश किए हैं। एफबीआई ने सबूत पेश करते हुए शिकागो की अदालत से निवेदन किया है कि वह लिफाफे को अभी न खोले। राणा के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करने के लिए 19 जनवरी तक का समय मांगने संबंधी याचिका को शनिवार को अटार्नी पैट्रिक फित्जगेराल्ड ने इलिनोइस की जिला अदालत में चीफ जज जेम्स एफ. होल्डरमैन के समक्ष पेश किया। (प्रेट्र)





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

Advt