Google
HomeArth Jagat Arth Jagat

छह मेगा रोड प्रोजेक्ट के लिए निविदा शीघ्र

सरकार करीब 30,000 करोड़ रुपये के छह मेगा रोड प्रोजेक्टों के लिए निविदा जारी करने की योजना बना रही है। परिवहन मंत्री कमलनाथ ने बताया कि पहली निविदा 4-6 हफ्तों के अंदर जारी की जाएगी। यह प्रोजेक्ट करीब 5,000 करोड़ रुपये का होगा। ये मेगा प्रोजेक्ट राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में शुरू किए जाएंगे। कमलनाथ के मुताबिक अगले सप्ताह तक रोड बनाने की गति प्रति दिन 8-9 किलोमीटर करने का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा और इसे मार्च 2010 तक बढ़ाकर 20 किलोमीटर प्रति दिन करना है।

एयरटेल ने नहीं शुरू किया प्राइस-वार : मित्तलभारती एयरटेल के चीफ सुनील मित्तल ने कहा है कि प्राइस-वार की शुरुआत उनकी कंपनी ने नहीं की है। पर-सेकेंड बिलिंग की लांचिंग बाजार की जरूरत के हिसाब से की गई। टैरिफ वार से पड़ने वाले असर पर मित्तल ने कहा कि अगली दो तिमाहियों में हमें इससे पड़ने वाला असर साफ हो जाएगा। जानकारों का मानना है कि पर-सेकेंड बिलिंग से भारतीय टेलीकॉम कंपनियों के प्रदर्शन पर बुरा असर पड़ेगा।

विंडोज7 को मिलेगी सफलता : माइक्रोसॉफ्टमाइक्रोसॉफ्ट इंडिया को अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम की सफलता की पूरी आशा है। कंपनी के मुताबिक अगले एक साल में बिकने वाले नए पर्सनल कंप्यूटर (पीसी) में 50 फीसदी विंडोज7 के साथ बिकेंगे। कंपनी के चेयरमैन रवि वैंकेटशन ने बताया कि अगले हफ्ते से भारतीय ग्राहकों के लिए विंडोज7 उपलब्ध होगा। अब तक भारत में विंडोज7 न आ पाने पर उन्होंने बताया कि आयात कर को लेकर कुछ दिक्कतें थीं, जिनका अब निपटारा हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय सालाना 30-35 लाख पीसी बेचे जा रहे हैं। आर्थिक सुधार को देखते हुए बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।

रेनॉ लाएगी लो-कॉस्ट कारफ्रांस की कार निर्माता कंपनी रेनॉ, अपने साझेदार बजाज ऑटो के साथ मतभेद होने के बावजूद भारत में लो-कॉस्ट कार लांच करेगी। रेनॉ बजाज ऑटो के साथ करीब एक लाख रुपये कीमत की इस कार को बाजार में उतारने पर काम कर रही है पर दोनों कंपनियों को ब्रांडिंग और कीमत को लेकर कुछ दिक्कतें पेश आ रही हैं। रेनॉ के चेयरमैन और सीईओ कालरेस घोश्न ने बताया कि इस कार की कीमत भारत के लिए ही नहीं अन्य उभरते बाजारों के लिए भी काफी जरूरी मुद्दा है।

महिंद्रा बढ़ाएगी मूल्यप्रमुख ऑटो कंपनी महिंद्रा अपने वाहनों के मूल्य बढ़ाने पर विचार कर रही है। कंपनी के प्रेसीडेंट (ऑटोमोटिव सेक्टर) पवन गोयनका ने बताया कि अगर कमोडिटी की कीमतों में इजाफा होता है, तो वाहनों की कीमतों में भी बदलाव किए जाएंगे। हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई तय समय-सीमा के बारे में बताने से इनकार किया। साथ ही, उन्होंने बताया कि हमें चालू वित्त वर्ष के दौरान दो अंकों में विकास दर हासिल करने की पूरी उम्मीद है।

अपोलो बढ़ाएगी मूल्यटायर कंपनी अपोलो टायर्स रबर की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर जल्द ही अपने उत्पादों की कीमतों में इजाफा करने की तैयारी में है। कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज कंवर ने बताया कि अक्टूबर में हमने कीमतों में 2.5 फीसदी की वृद्धि की। जल्द ही एक बार फिर कीमतों में बदलाव करने की योजना है। रबर की कीमत बढ़कर 120 रुपये प्रति किलोग्राम से भी ज्यादा हो गई हैं।

बजाज फाइनेंस कंस्ट्रक्शन फाइनेंसिंग में उतरेगीवित्तीय सेवा प्रदाता कंपनी बजाज फाइनेंशियल सर्विसेज अगले वर्ष तक कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट फाइनेंस में उतरने की तैयारी में है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव बजाज ने बताया कि 10,000 करोड़ रुपये के इस बाजार में अभी भी कई संभावनाएं हैं। साथ ही यह बाजार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी की लोन बुक 3,000 करोड़ रुपये की है और यह 30-35 फीसदी की दर से बढ़ रही है। हमें अगले वर्ष भी इसी विकास दर पर कायम रहने की उम्मीद है।

यस बैंक जुटाएगा 1,500 करोड़निजी क्षेत्र का यस बैंक चालू वित्त वर्ष में 1,500 करोड़ रुपये जुटाएगा। बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ राना कपूर ने बताया कि करीब 1,100 करोड़ रुपये क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट के तहत टियर-1 कैपिटल के जरिए जुटाए जाएंगे। इसके अलावा एलआईसी जैसे वित्तीय संस्थानों से 400-500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस रकम को जुटाने के पीछे उद्देश्य अपनी विकास दर को बनाए रखना और कुल पूंजी आधार 5,000 करोड़ रुपये करना है।

भारती-वॉलमार्ट की विस्तार रणनीति तैयारभारती समूह और अमेरिकी रिटेलर वॉल-मार्ट की संयुक्त उपक्रम कंपनी भारती-वॉलमार्ट विस्तार योजना पर रणनीति तैयार कर चुकी है। कंपनी के मुताबिक अब वह नए स्टोर खोलने को तैयार है। भारती समूह के चेयरमैन सुनील मित्तल ने बताया कि कई कैश-एंड-कैरी स्टोरों की योजना बनाई जा चुकी है। अगले कुछ महीनों में इनके खुलने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। कंपनी ने एक कैश-एंड-कैरी स्टोर पंजाब में खोला है। वर्ष 2015 तक कंपनी की 10-15 नए स्टोर खोलने की योजना है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

Advt