|
||||||||||
सर्च
इंजन गूगल इंजीनियरिंग और बिजनेस ग्रेजुएट की सबसे चहेती कंपनी है। ज्यादातर ऐसे ग्रेजुएट गूगल के कर्मचारी बनना पसंद करते हैं। ग्लोबल इंप्लायर ब्रांडिंग कंपनी यूनिवर्सम ने 50 बिजनेस और इंजीनियरिंग कंपनियों पर दो सर्वे किए। दोनों ही सर्वे में इन सभी कंपनियों की फेहरिस्त में गूगल नंबर वन रही। इस सर्वे के बाद गूगल को त्नमोस्ट अट्रैक्टिव इंप्लायरत्न का खिताब दिया गया है।
गूगल के बाद इंजीनियरिंग ग्रेजुएट माइक्रोसॉफ्ट में काम करना पसंद करते हैं। सर्वे में कहा गया कि गूगल का नंबर वन होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है। गूगल एक ऐसा ब्रांड है, जिसके साथ दुनियाभर के स्टूडेंट अपना नाम जोड़ना चाहते हैं। एक सर्वे में बिजनेस और दूसरे में इंजीनियरिंग छात्रों से नौकरी करने के लिए उनकी पसंदीदा कंपनी का नाम पूछा गया।
ज्यादातर बी-स्कूलों के छात्र गूगल के बाद प्राइसवाटरहाउस में काम करना पसंद करते हैं। बिजनेस छात्रों के लिए माइक्रोसॉफ्ट तीसरी पसंद है। इसके बाद काम करने के लिहाज से ये छात्र गोल्डमैन सैक्स को चौथे, अर्नस्ट एंड यंग को पाचवें, प्रॉक्टर एंड गैंबल को छठे, जेपी मॉर्गन को सातवें, केपीएमजी को आठवें, मैकेंजी एंड कंपनी को नवें और डेलॉयट को दसवें स्थान पर रखते हैं।
यूनिवर्सम ने सर्वे के बारे में कहा कि हमने उन 50 कंपनियों को शामिल किया जो मौजूदा और भविष्य दोनों की ही प्रतिभाओं को ध्यान में रखकर नियुक्तियां करती हैं। यही नहीं, इन कंपनियों को असाधारण प्रतिभाओं की खासी समझ है। बिजनेस छात्रों ने सॉफ्ट ड्रिंक की प्रमुख कंपनी कोका-कोला को 13 वें और सिटी समूह को 21 वें स्थान पर रखा। हालांकि बिजनेस और इंजीनियरिंग छात्रों के लिए टॉप 50 कंपनियां करीब-करीब एक सी ही हैं।
इंजीनियरिंग छात्रों के लिए माइक्रोसॉफ्ट के बाद तीसरे स्थान पर आईबीएम, चौथे स्थान पर बीएमडब्ल्यू, पाचवें स्थान पर इंटेल, छठे स्थान पर जनरल इलेक्ट्रिक, सातवें स्थान पर सोनी, आठवें स्थान पर सीमेंस, नवें स्थान पर शेल और दसवें स्थान पर प्रॉक्टर एंड गैंबल रही। बताते चलें कि इन सर्वे में दुनियाभर के करीब 1,20,000 छात्रों को शामिल किया गया। ये छात्र अमेरिका, जापान, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, इटली, रूस, स्पेन, कनाडा और भारत के शीर्ष शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे हैं।