दिल्ली मेट्रो की सीटी सोमवार को नोएडा में भी सुनाई दी। हालांकि यह सीटी नियमित सेवा की नहीं बल्कि ट्रायल रन की थी। उम्मीद है कि नवंबर के पहले सप्ताह से मेट्रो ट्रेन नोएडा-दिल्ली के बीच फेरे लगाने लगेगी।दिल्ली मेट्रो रेल निगम के एक अधिकारी ने बताया कि अक्षरधाम मंदिर के पास यमुना तीरे बने यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन से नोएडा के सेक्टर 16 तक (8 किलोमीटर) दोपहर साढ़े बारह बजे से शाम के चार बजे तक ट्रायल रन हुआ।
इस दौरान दस किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मेट्रो गाड़ी नोएडा में दौड़ा। हालांकि नोएडा में सेक्टर 32 तक मेट्रो मार्ग बनाया गया है लेकिन सेक्टर 16 से 32 तक पर बाद में ट्रायल होगा। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह तक सेक्टर 16 तक ट्रायल होगा, बाद में सेक्टर 32 के बीच ट्रायल होगा। इसे नवंबर के पहले सप्ताह तक यात्रियों के लिए खोल देने की उम्मीद है।
नवंबर के दूसरे सप्ताह में सेक्टर 32 तक भी मार्ग खुल जाएगा। संपूर्ण मार्ग खुल जाने के बाद रोजाना 53 हजार यात्रियों के बढ़ने का अनुमान है। दिल्ली मेट्रो इस समय सिर्फ दिल्ली के यात्रियों को ही सेवा उपलब्ध करा रही है। हालांकि हरियाणा के गुड़गांव और उत्तर प्रदेश के नोएडा और वैशाली (गाजियाबाद)में भी इसके लिए मार्ग बन रहा है, लेकिन उसमें अभी देरी है।