नई दिल्ली। देश के नक्सल प्रभावित जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) एवं राज्य राजमार्ग (एसएच) के निर्माण के लिए केन्द्र सरकार ने 7,400 करोड़ रुपये की एक विशेष योजना बनाई है। नक्सल अफेक्टेड एरिया स्पेशल प्रायरिटी प्रोगाम के तहत कुल 14,500 किलोमीटर मार्ग विकसित किये जाएंगे। गृह मंत्रालय के मुताबिक इस समय देश के आठ राज्यों के 34 जिले नक्सल प्रभावित हैं। मध्य प्रदेश का बालाघाट और छत्तीसगढ़ के बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, राजनंदगांव, सरगुजा, नारायणपुर एवं बीजापुर जिले इस सूची में हैं। केन्द्रीय राजमार्ग मंत्री कमलनाथ ने बताया कि नक्सली गतिविधियों की वजह से इन जिलों में सड़क परियोजनाएं गति नहीं पकड़ सकी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इनके लिए 7,400 करोड़ रुपये की विशेष व्यवस्था की गई है।
इसके तहत कुल 14,500 किलोमीटर सड़कें विकसित की जानी है जिनमें से 2000 किलोमीटर राज्य राजमार्ग और 2000 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग होगा। सड़कें तय समय में बनें, इसके लिए केन्द्रीय सड़क मंत्रालय के अधिकारी राज्यों के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर उचित रणनीति तय करेंगे। नक्सल प्रभावित जिलों की सूची में छत्तीसगढ़ के सात, बिहार के छह, झारखंड के 10, उड़ीसा के पांच, महाराष्ट्र के दो, आंध्र प्रदेश के दो तथा मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के एक एक जिले शामिल हैं। पिछले दिनों बिहार से रिपोर्ट आई थी कि वहां इरकान, एनएचपीसी, एनपीसीसी, सीपीडब्ल्यूडी और एनबीसीसी जैसी केन्द्रीय संस्थाओं का काम नक्सल गतिविधियों के कारण अटका पड़ा है। कमोबेश यही स्थिति अन्य राज्यों की भी है।