Google
HomeRajkaj Rajkaj

जजों की बर्खास्तगी मामले पर मुशर्रफ पर केस दर्ज

पाकिस्तान के पूर्व तानाशाह जनरल परवेज मुशर्रफ के खिलाफ मंगलवार को यहां सचिवालय थाने में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया। यह संयोग ही है कि यूरोप के दौरे पर गए जनरल का मंगलवार को 66वां जन्मदिन है। जिला और सत्र न्यायाधीश के आदेश पर दर्ज मामले में मुशर्रफ पर सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस समेत 60 से ज्यादा जजों को बंधक बनाने और देश पर इमर्जेसी थोपने जैसे गंभीर आरोप हैं।



पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने मुशर्रफ द्वारा जजों की बर्खास्तगी और इमर्जेसी लगाया जाना 31 जुलाई को अवैध घोषित किया था। इसके बाद ही जिला और सत्र न्यायाधीश अकमल रजा ने वकील असलम घुमन द्वारा दायर याचिका की सुनवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया। घुमन ने अपनी याचिका में मुशर्रफ पर अवैध तरीके से 60 जजों की बर्खास्तगी का आरोप लगाया था। इन जजों में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी भी शामिल थे।



घुमन ने जज के समक्ष यह भी शिकायत की थी कि पुलिस मुशर्रफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी कर रही है। घुमन ने कहा कि उन्होंने कुछ दिनों पहले एक स्थानीय पुलिस अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जज के आदेश के बाद घुमन इस्लामाबाद के केंद्र में मौजूद उस पुलिस थाने में भी गए जहां थाना प्रभारी ने उनका आवेदन स्वीकार करते हुए बयान दर्ज किया था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

Advt