Google
HomeRajkaj Rajkaj

वियना की आग पंजाब पहुंची, हिंसा में दो मरे

डेरा सचखंड बल्ला के संत रामानंद और संत निरंजन दास पर आस्ट्रिया की राजधानी विएना में हुई गोलीमारी के दौरान संत रामानंद की हत्या के बाद सोमवार को पंजाब दहक उठा जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों को सोमवार को जमकर तोड़फोड़ और हिंसा हुई। इसमें दो मारे गए और दर्जनों घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कुछ स्थानों पर ट्रेन के डिब्बों और बसों में आग लगा दी। पुलिस के साथ झड़प के बाद चार शहरों में कफ्यरू लगाया गया और जालंधर में सेना बुलानी पड़ी।

जालंधर, लुधियाना, फगवाड़ा और होशियारपुर में व्यापक हिंसा और पुलिस थाने में खड़ी कारों के अलावा सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बाद प्रशासन को कफ्यरू लगाना पड़ा। जालंधर से 30 किलोमीटर दूर लांबरा गांव में सेना की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार घायल हो गए। वहीं जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन में पुलिस की गोलीबारी में एक प्रदर्शनकारी मारा गया।

डेरा सचखंड वालां की स्थानीय इकाइयों द्वारा पंजाब बंद के आह्वान के बाद सोमवार को दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। विएना में इसी पंथ के नेताओं पर हमला हुआ। शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने भी बंद का आह्वान किया था। जालंधर, फगवाड़ा, होशियारपुर, नवांशहर, बंगा, लुधियाना और मोगा सहित कई स्थानों पर सड़क और रेल यातायात बाधित रहे। राज्य में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन, बसों और अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। एहतियात के तौर पर लुधियाना में दिल्ली-लाहौर बस सेवा की बस रोक दी गई। प्रदर्शनकारियों ने अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग तीन घंटे के लिए अवरुद्ध कर दिया और अंबाला में बसों को नुकसान पहुंचाया। लांबरा में उग्र भीड़ ने आईजी जोनल संजीव कालरा के काफिले पर हमला किया और गांव में सिटी पुलिस अधीक्षक सरबजीत सिंह के वाहन में आग लगा दी।

आगजनी करने वाले लोगों ने जालंधर में यात्रियों को उतारकर कन्याकुमारी हिमसागर एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगा दी। फगवाड़ा में प्रदर्शनकारियों चालक को उतारकर सोनेपुर जम्मू 2491 अप एक्सप्रेस के इंजन में आग लगा दी। उग्र प्रदर्शन की वजह से दिल्ली, अंबाला, जालंधर, जम्मू और जालंधर चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई मार्गे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इन स्थानों पर कम से कम 20 बसों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। गौरतलब है कि डेरा प्रमुख संत रामानंद विएना गए थे। ऑस्ट्रिया की राजधानी में रविवार की हुई हिंसा में उनकी मौत हो गई और तीस अन्य घायल हो गए।

इस बीच पंजाब की स्थिति को पूरी तरह सामान्य नहीं बताते हुए गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य से उन सभी इलाकों में कफ्यरू लगाने के लिए कहा गया है जहां हिंसा की आशंका है। केंद्र सरकार ने राज्य की मांग को देखते हुए अर्धसैनिक बलों के साथ हेलीकॉप्टर भी भेजे हैं। चिदंबरम ने कहा कि केंद्र ने राज्य को 14 कंपनियां उपलब्ध कराई हैं। ग्यारह और कंपनियां भेजी जा रही हैं। राज्य में जारी हिंसा पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने लोगों से शांति और संयम बरतने की अपील की है। हिंसा से औद्योगिक उत्पादन ठप पड़ने से करोड़ों का कारोबार प्रभावित हुआ। जालंधर के स्पोट्र्स गुड्स एक्सपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रघुनाथ राणा के मुताबिक शहर में बिगड़े माहौल से प्रति दिन करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

Advt