|
||||||||||
लोकसभा के पहले चरण के लिए 124 सीटों पर गुरुवार को मतदान होगा। इसी दिन आंध्र प्रदेश की 154 और उड़ीसा की 70 विधानसभा सीटों पर भी मतदान होगा। पहले चरण के मतदान में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान, भाजपा के दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी, राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, कांग्रेस नेता जयपाल रेड्डी, मीरा कुमार सहित 1715 उम्मीदवारों का भविष्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में बंद हो जाएगा।
पहले चरण में छत्तीसगढ़ की सभी 11 और केरल की सभी 20 तथा आंध्र प्रदेश की 22, अरुणाचल प्रदेश की 2, असम की 3, बिहार की 13, जम्मू और कश्मीर की 1, महाराष्ट्र की 13 अंडमान निकोबार द्वीप समूह की 1, लक्ष्यद्वीप की 1, मेघालय की 2, मिजोरम की 1, नगालैंड की 1, मणिपुर की 1, उत्तर प्रदेश की 16, झारखंड की 6 और उड़ीसा की 10 लोकसभा सीटों पर लगभग 14 करोड़ 31 लाख मतदाता एक लाख 85 हजार मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। पहले चरण के चुनाव में कुल 1715 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिनमें 122 महिलाएं हैं। उड़ीसा विधानसभा चुनाव में कुल 645 और आंध्र प्रदेश में कुल 1833 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पहले चरण के मतदान में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर होगी।
इनमें राजद प्रमुख लालू यादव, लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान, भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी, कांग्रेस नेता जयपाल रेड्डी, मीरा कुमार, रेणुका चौधरी के अलावा भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी प्रमुख हैं। मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नेपाल से लगी बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश की सीमाओं को सील कर दिया गया है। बिहार में नक्सली हमले को देखते हुए अपराधियों, उग्रवादियों और मतदान में बाधा पहुंचाने वालों के लिए जल, थल और आकाश से नजर रखी जा रही है। राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि के अनुसार उग्रवादियों के प्रभाव वाले चिन्हित स्थानों पर वायुसेना के दो हेलीकाप्टर से गश्त की जाएगी।